Thu. May 16th, 2024

थेथरोलॉजी और वोटोक्रेसी की शह पर चुनाव जीतना चाहता है विपक्ष: गिरिराज

Share this News
No

भारत के बढ़ते वर्चस्व से पूरी दुनिया अचंभित: मंगल पाण्डेय
बेगूसराय,30मार्च (हि.स.)। आज जब संपूर्ण विश्व नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत के बढ़ते वर्चस्व को देखकर अचंभित हो रहा है मगर विपक्ष हताशा एवं कुंठा का भाव लिए केवल नरेंद्र मोदी हटाओ अभियान में एकत्रित हो रहा है। लेकिन, देश के विकास में नरेंद्र मोदी के अथक परिश्रम तथा उनके समर्पण को देख कर देश की जनता ने नरेंद्र मोदी को पुनः अपना प्रधानमंत्री चुनने का मन बना लिया है। यह बात बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने शनिवार को सामुदायिक भवन बाघा में एनडीए कार्यकर्ताओं की लोकसभा स्तरीय बैठक को संबोधित करते हुए कही।
महागठबंधन को बेल एवं जेल पार्टी करार देते हुए मंगल पांडेय ने कहा कि हमारी लड़ाई उनसे नहीं है। वे तो खुद में ही दो और तीन नंबर की लड़ाई लड़ रहे हैं। एनडीए के कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि प्रखंड, जिला या किसी नेतृत्व के आदेश का इंतजार नहीं करें। चुनाव की रणनीति पर खुद से और अभी से काम करें। गिरिराज सिंह को अपार बहुमत से जिताने का संकल्प दिलाते हुए उन्होंने कहा कि हम बेगूसराय की इस क्रांतिकारी धरा से संकल्प लेते हैं कि राजग के कार्यकर्ता जन -जन से संपर्क साध कर नरेंद्र मोदी का हाथ मजबूत करने का काम करेंगे।
सभा को संबोधित करते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि हम स्मृति शेष भोला बाबू को नमन करते हुए चुनाव के मैदान में आये हैं और उनके सपनों को साकार करने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि गिरिराज एक पात्र है, असली विजय तो आप हैं, यहां बैठा हर कार्यकर्ता गिरीराज है। उन्होंने कहा कि विपक्ष में विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ने की हिम्मत ही नहीं है। वो थेथरोलॉजी और वोटोक्रेसी की शह पर चुनाव जीतना चाहते हैं। हम नक्सलवाद और माओवाद से लड़ने की बात करते हैं जबकि विपक्ष मोदी से लड़ने की बात करता है। हम गरीबी, भ्रष्टाचार से लड़ रहे हैं, वो मोदी हटाओ की लड़ाई लड़ रहे हैं। मेरा काम बेगूसराय की जनता को एकजुट कर विकृत मानसिकता वाले देशविरोधी लोगों के खिलाफ खड़ा करने की है। मेरी लड़ाई गरीबी उन्मूलन के बाधकों से है। मेरी लड़ाई सबूत मांगने वालों से है। मेरी लड़ाई सांस्कृतिक राष्ट्रवाद बनाम विकृत मानसिकता से है। जो देश का खाएगा और पाकिस्तान का भजेगा, उसे गद्दार कहता रहूंगा। बिहार केसरी श्रीबाबू की सजायी संवारी इस भूमि को मैं पुनः सजाऊंगा। सभा को संबोधित करते हुए श्रम संसाधन मंत्री विजय कुमार सिन्हा, मटिहानी विधायक बोगो सिंह, महापौर उपेन्द्र सिंह, लोजपा प्रदेश संसदीय दल के अध्यक्ष अनिल चौधरी, पूर्व विधायक रामानंद राम, सुरेन्द्र मेहता एवं पूर्व मंत्री अशोक महतो आदि ने कहा कि राजग गठबंधन की सरकार में बेगूसराय विकास की एक नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। एक ओर कुछ शक्तियां गोलबंद होकर विकास के मार्ग को अवरुद्ध करने तथा सत्ता प्राप्ति की लालसा लिए छल -प्रपंच रच रही हैं। जिन्होंने बेगूसराय से उसका हक छीना तथा बेगूसराय का विकास से नाता तोड़कर उसे कई दशक पीछे भेजा था। दूसरी ओर श्री बाबू के सपनों के इस अद्भुत शहर को पुनः औद्योगिक नगरी के रूप में स्थापित करने के लिए नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली एनडीए की सरकार है जो सबका साथ सबका विकास का मूल मंत्र लेकर आगे बढ़ रही है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष संजय सिंह, संचालन जदयू जिलाध्यक्ष भूमिपाल राय तथा धन्यवाद ज्ञापन भाजपा के लोकसभा प्रभारी डॉ राम सागर सिंह ने किया। मौके पर पूर्व मंत्री मंजू वर्मा, पूर्व विधायक श्रीकृष्ण सिंह, रामविनोद पासवान, बलराम सिंह, अमरेंद्र अमर, नीरज कुमार, लालबाबू प्रसाद, डॉ बबन कुमार पवन, सर्वेश कुमार, कृष्णमोहन पप्पू, साकिब जया, शुभम कुमार, सुमित सन्नी, आयुष ईश्वर, धीरज भारद्वाज, अजित भारद्वाज, सौरभ सिप्पी, राजीव कुमार प्रदीप एवं छात्र जदयू नेता सौरव कुमार आदि भी मौजूद थे।