Tue. Apr 30th, 2024

पीआरसी पर अरुणाचल प्रदेश में हिंसा, पुलिस फायरिंग में दो की मौत, तीन घायल

Share this News
No

-भीड़ ने उप मुख्यमंत्री का निजी आवास फूंका, जिलाधिकारी कार्यालय में तोड़फोड़, शॉपिंग मॉल राख, आगजनी, पथराव, पुलिस अधीक्षक जख्मी, वाहन किए आग के हवाले
-ईटानगर, नाहरलगुन और निर्जुली में हालात बेकाबू, दुकानों में लूटपाट, जनप्रतिनिधयों की सुरक्षा बढ़ाई गई
ईटानगर, 24 फरवरी (हि.स.)। गैर-अरुणाचलियों के स्थायी निवास प्रमाणपत्र (पीआरसी) के मुद्दे पर समूचा अरुणाचल प्रदेश सुलग उठा है। राजधानी ईटानगर, नाहरलगुन और निर्जुली में हालात बेकाबू हो गए हैं। रविवार सुबह से 16 संगठनों के 72 घंटे के राजधानी बंद के दौरान चौतरफा हिंसा हुई। पुलिस फायरिंग में दो लोगों की मौत हो गई है। तीन लोग घायल हैं। हिंसा पर उतारू भीड़ ने दिनदहाड़े उप मुख्यमंत्री के निजी आवास को फूंक दिया है। उपद्रवियों ने जिलाधिकारी कार्यालय में तोड़फोड़ करते हुए दुकानों में लूटपाट की। हिंसा में पुलिस अधीक्षक को गंभीर चोट आई है। राज्य सरकार बेबस नजर आ रही है। आंदोलनकारी हिंसा पर उतारू हैं। सरकारी आदेश के इंतजार में प्रशासन के हाथ बंधे हुए हैं।
राजधानी में शुक्रवार देररात पुलिस फायरिंग में युवक के मारे जाने के बाद स्थिति अनियंत्रित हो गई है। युवक के शव को लेकर सैकड़ों लोग टेनिस कोर्ट इलाके में शनिवार रात 7:30 बजे बैठ गए। यहां रविवार सुबह हजारों लोग पहुंच गए। पूर्वाह्न 10ः00 बजे यह लोग जुलूस निकालते हुए राज्य के उप मुख्यमंत्री चोना मीन के निजी आवास के पास पहुंच गए। उपद्रवियों ने उनके आवास को आग के हवाले कर दिया। इस दौरान ईटानगर के जिलाधिकारी के कार्यालय में भी जमकर तोड़फोड़ की गई। इसके बाद उपद्रवी मुख्यमंत्री पेमा खांडू के निजी आवास की ओर कूच कर गये।
मुख्यमंत्री के घर से पहले दूरदर्शन कॉलोनी के पास पुलिस और सीआरपीएफ के जवानों ने भीड़ को आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की। यहां उपद्रवियों और जवानों के बीच टकराव हो गया। भीड़ ने पथराव शुरू कर दिया। जवानों ने लाठीचार्ज कर स्थिति को संभालने की कोशिश की। उपद्रवियों पर इसका असर होता न देख पुलिस को हवाई फायरिंग करनी पड़ी। इस गोलीबारी में दो उपद्रवियों के मारे जाने और तीन के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना है। पथराव में राजधानी क्षेत्र के पुलिस अधीक्षक एम हर्षवर्धन गंभीर चोट आई है। उन्हें गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है।
नाहरलगुन में उपद्रवियों ने राज्य के वन मंत्री नाबाम रेबिया के ताकर कांप्लेक्स (शॉपिंग मॉल) को जला दिया। निर्जुली इलाके में भी जमकर हिंसा हुई है। हिंसा पर आमादा भीड़ ने शाम 5ः00 बजे नाहरलगुन इलाके में बंद दुकानों को तोड़कर लूटपाट की।
ईटानगर में अभी भी हालात सामान्य नहीं हैं। शुक्रवार रात पुलिस फायरिंग में मारे गए युवक के शव को लेकर सैकड़ों लोग टेनिस कोर्ट परिसर में बैठे हुए हैं। टेनिस कोर्ट परिसर इलाके में भाजपा का नया कार्यालय बनाया जा रहा है। शव को दफनाने के लिए आंदोलनकारियों ने यह गड्ढा खोद लिया है।
सूत्रों ने बताया है कि मुख्यमंत्री आवास, सचिवालय के अलावा सभी मंत्रियों और विधायकों के आवास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। राजधानी में सेना गश्त कर रही है। बावजूद इसके तीनों शहरों में रुक-रुककर हिंसा की वारदात हो रही हैं। गौरतलब है कि गुरुवार को राज्य के 16 छात्र संगठनों ने गैर अरुणाचली नागरिकों को पीआरसी देने का विरोध करते हुए 48 घंटे की राजधानी बंद का आह्वान किया था। शुक्रवार देररात हिंसा पर आमादा आंदोलनकारियों ने 30 से अधिक गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया था। उपद्रवियों को काबू करने के लिए की गई पुलिस फायरिंग में युवक की मौत हो गई थी।
मुख्यमंत्री ने शनिवार को आश्वासन दिया था कि पीआरसी का मुद्दा विधानसभा में चर्चा के लिए नहीं लाया जाएगा। इसके बाद स्थिति में कुछ सुधार हुआ। पोस्टमार्टम के बाद दोपहर बाद युवक का शव परिजनों को सौंपने के बाद स्थिति फिर बिगड़ गई। राजधानी में कर्फ्यू लगा दिया गया। इंटरनेट सेवा को पूरी तरह बंद कर दिया गया। हालात इस कदर बेकाबू हैं कि लोग कर्फ्यू की परवाह न करते हुए बाहर निकल रहे हैं। अधिकांश मंत्री भूमिगत हो चुके हैं। रविवार को मुख्य सचिव सत्यगोपाल ने कहा है कि सरकार ने पीआरसी के मामले को फिलहाल ठंडे बस्ते में डाल दिया है। शासन की इस घोषणा का फिलहाल असर होता नहीं दिख रहा।