Thu. May 16th, 2024

बिहार में जदयू का नौ और भाजपा का सात सीटों पर राजद से होगा मुकाबला

Share this News

पटना, 30 मार्च (हि.स.)। बिहार में लोकसभा की 40 सीटों के लिए सात चरणों में होने वाले चुनाव में तीन दलों के सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन और सात दलों के विपक्षी महागठबंधन की सीटों और उम्मीदवारों के नाम तय हो गये हैं। राज्य में 17 सीटों के दावेदार जदयू का राजद से नौ, कांग्रेस से छह और रालोसपा एवं हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) से एक-एक सीट पर मुकाबले की तस्वीर साफ हुई है। 17 सीटों के ही दावेदार भाजपा का राजद से सात, रालोसपा से तीन, कांग्रेस, हम और विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) से दो-दो और माले से एक सीट पर आमना-सामना होगा। राज्य की छह सीटों के दावेदार लोजपा का राजद से तीन और कांग्रेस, रालोसपा और वीआईपी से एक-एक सीट पर संघर्ष देखने को मिल सकता है। इस बार के चुनाव में फिलहाल बेगूसराय, मधेपुरा, बांका सहित कम से कम आधा दर्जन सीटों पर तीनकोणीय मुकाबले की भी तस्वीर बनने के आसार हैं। विपक्षी महागठबंधन में शामिल सात दलों में राजद 19, कांग्रेस नौ, रालोसपा पांच, हम एवं वीआईपी तीन-तीन और माले एक सीट की दावेदार होगी। राजद ने अपने कोटे की आरा सीट छोड़ कर वहां माले प्रत्याशी राजू यादव को समर्थन देने की घोषणा की है। इसके बदले माले ने भी पाटलिपुत्र में राजद उम्मीदवार डा. मीसा भारती को समर्थन देने का निर्णय लिया है। वाम दलों के गठबंधन में रहकर माले राजद आरा के साथ सीवान, कारकाट एवं जहानाबाद सीटों का भी दावेदार है। वहीं, भाकपा बेगूसराय, मधुबनी और पूर्वी चंपारण में अपनी ताकत आजमायेगी। माकपा सिर्फ उजियारपुर में अपनी उपस्थिति दर्ज करायेगी। वामदलों ने आठ सीटों पर एक-दूसरे को समर्थन देने के साथ अन्य सीटों पर राजग विरोधी दलों की जीत के लिए योगदान देने का निर्णय लिया है। इसमें बेगूसराय की भी सीट भी शामिल है जहां भाजपा-राजद-भाकपा के बीच संघर्ष के आसार हैं।
लोकसभा के 2014 के चुनाव में भी प्राय: सभी सीटों पर राजग के उम्मीदवारों का राजद-कांग्रेस-राकांपा और जदयू के उम्मीदवारों का मुख्य मुकाबला हुआ था। भाजपा को 22 सीटों पर जीत मिली थी और छह सीटों पर दूसरे स्थान पर थी। दो सीट जीतने के साथ ही जदयू चार सीटों पर दूसरा स्थान पर रहा था। दो सीटों पर जीती कांग्रेस छह सीटों पर दूसरे स्थान पर रही थी। राजद चार सीटें जीता था और 15 सीटों पर दूसरे स्थान पर था। रालोसपा तीन सीट पर लड़ी थी और तीनों पर जीत मिली थी। लोजपा सात सीटों पर लड़ी थी और छह सीटों पर जीत दर्ज करने के साथ नालंदा में दूसरे स्थान पर रही थी। राकांपा एक सीट लड़ी और जीती थी।