भाजपा ने तीनों एमसीडी में मेयर पद के लिए उम्मीदवार किए घोषित

Share this News

नई दिल्ली, 18 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गुरुवार को दक्षिण, उत्तर और पूर्वी दिल्ली नगर निगमों (एमसीडी) के लिए मेयर, डिप्टी मेयर और स्टैंडिग कमेटी सदस्य पदों के लिए अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए। पार्टी ने तीनों निगमों में मेयर पद के लिए अनुसूचित जाति के उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है, इसमें भी दो महिलाएं हैं।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल और प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने बुधवार देर रात पार्टी नेताओं के साथ बैठक में तीनों निगमों में मेयर पद के लिए प्रत्याशियों के नाम तय किए। बैठक में दिल्ली की सातों संसदीय सीटों पर उम्मीदवारों के नामों पर भी चर्चा हुई। हालांकि उनके नाम अभी घोषित नहीं किए गए हैं। बैठक के लिए मनोज तिवारी को कोलकाता में चुनाव अभियान छोड़कर बीच में ही लौटना पड़ा था।

पार्टी ने गुरुवार को जारी सूची में उत्तरी दिल्ली नगर निगम (एनडीएमसी) के मेयर पद के लिए अवतार सिंह, डिप्टी मेयर के लिए योगेश वर्मा का नाम घोषित किया है। स्टैंडिग कमेटी के दो सदस्यों के लिए अवधेश कुमार गुप्ता और जय प्रकाश (जेपी) का नाम घोषित किया है। मेयर पद के प्रत्याशी अवतार सिंह अनुसूचित जाति (एससी) के मल्लाह (सिख) से ताल्लुक रखते हैं जबकि डिप्टी मेयर पंजाबी और अन्य सदस्य बनिया और गुर्जर की सामान्य श्रेणी से आते हैं।

दक्षिण दिल्ली नगर निगम (एसडीएमसी) के मेयर पद के लिए भाजपा ने अनुसूचित जाति (एससी) की महिला सुनीता कांगड़ा को मौका दिया है। डिप्टी मेयर पद के लिए राजेश दत्त गहलोत को उतारा है। स्टैंडिग कमेटी के सदस्यों के लिए नरेन्द्र चावला और भूपेंद्र गुप्ता का नाम घोषित किया है। डिप्टी मेयर जाट और अन्य सदस्य पंजाबी और बनिया की सामान्य श्रेणी से आते हैं।

पूर्वी दिल्ली नगर निगम (ईएमसीडी) के मेयर पद के लिए भाजपा ने अनुसूचित जाति (एससी) की महिला अंजू कमलकांत का नाम घोषित किया है। डिप्टी मेयर के लिए संजय गोयल और स्टैंडिग कमेटी के सदस्यों के लिए बिपिन बिहारी सिंह और अजय शर्मा का नाम घोषित किया है। डिप्टी मेयर बनिया और अन्य सदस्य पूर्वांचली और ब्राह्मण की सामान्य श्रेणी से आते हैं।
उल्लेखनीय है कि उत्तरी और पूर्वी निगम में मेयर चुनाव 29 अप्रैल को जबकि दक्षिणी निगम में 26 अप्रैल को होगा। इन चुनावों में मेयर के साथ ही डिप्टी मेयर और स्टैंडिंग कमेटी मेंबर के लिए भी चुनाव होगा। तीनों निगमों में भाजपा बहुमत में है। दिल्ली म्यूनिसपल कारपोरेशन एक्ट के मुताबिक मेयर का पद पहले साल महिला, दूसरे साल सामान्य और तीसरे साल अनुसूचित जाति (एससी) श्रेणी के पार्षद के लिए आरक्षित रहता है। चौथे और पांचवे साल सामान्य वर्ग का पार्षद मेयर होता है। इसी के मद्देनजर भाजपा ने तीनों निगम में मेयर के लिए एससी श्रेणी के उम्मीदवार तय किये हैं।