Thu. May 16th, 2024

लोकसभा चुनाव में भाजपा की राह छत्तीसगढ़ में आसान नहीं

Share this News

रायपुर 30 मार्च(हि.स.)। छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा की राह आसान नहीं रह गई है। पिछले लोकसभा चुनाव में राज्य की 11 सीटों में से 10 सीटों पर विजय प्राप्त करने वाली भाजपा के सामने सबसे बड़ी समस्या रूठे हुए कार्यकर्ताओं को मनाने एवं हाल ही में संपन्न हुई विधान सभा चुनाव के लाखों वोटों का गड्ढा पाटने की है। विधानसभा चुनाव में 15 साल के बाद 90 सीटों में से मात्र 15 सीटों पर ही भाजपा को विजय मिली है।
लोकसभा के फाइनल मुकाबले में अब जबकि सारी सीटों पर कांग्रेस और भाजपा के उम्मीदवारों की घोषणा हो चुकी है, दोनों ही पार्टियों के धुरंधर आंकड़ों के गणित में उलझे हुए हैं। कांग्रेस के सामने जहां विधानसभा चुनाव में मिली बढ़त को बरकरार रखने की चुनौती है वहीं भाजपा के सामने मतों के लंबे अंतर को पाटने की समस्या है।
सरगुजा- वर्ष 2013 के विधानसभा चुनाव में यहां कांग्रेस 1 लाख 8 हजार326 वोट से आगे थी। लेकिन इसके बाद जब लोकसभा चुनाव हुए तो मोदी लहर में सरगुजा संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी कमलभान1 लाख 47हजार 236 वोटों के रिकॉर्ड अंतर से जीते।इस बार के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस सरगुजा से कुल मिलाकर 1लाख 97 हजार 958 मतों के भारी अंतर से भाजपा से आगे हैं।इस बार भाजपा ने यहां से रेणुका सिंह और कांग्रेस ने सूरजपुर के विधायक खेल साय को टिकट दी है।यह सीट आदिवासियों के लिए आरक्षित है।
रायगढ़- वर्ष 2013 में हुए विधानसभा चुनाव में यहां से कांग्रेस का मार्जिन 58हजार 876 वोटों का था। पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा के विष्णु देव साय ने रिकॉर्ड 2 लाख 16 हजार 750 मतों के अंतर से यह चुनाव जीता था।इस बार के विधानसभा चुनाव में भाजपा यहां की विधानसभा सीटों से 2 लाख27 हजार 958 मतों से कांग्रेस से पीछे है। इस बार दोनों ही पार्टियों ने यहां से नए चेहरे उतारे हैं। भाजपा ने जहां गोमती साय को टिकट दिया है वहीं कांग्रेस ने लालजीत सिंह को मैदान में उतारा है।
बिलासपुर- बिलासपुर में भी कमोबेश यही स्थिति रही।वर्ष 2013 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस 40 हजार203 वोटों की मार्जिन पर थी। लोकसभा चुनाव में भाजपा के लखनलाल साहू यहां से मोदी लहर में 1लाख 76 हजार 436 वोटों के अंतर से जीते। इस बार के विधानसभा चुनाव में यहां के विधानसभा क्षेत्रों से 14 हजार 212 मतों से आगे रही है।भाजपा ने बिलासपुर लोकसभा सीट से जमीनी कार्यकर्ता अरुण साव को टिकट दिया है,जबकि कांग्रेस ने यहां से मुख्यमंत्री के खास सिपहसालार अटल श्रीवास्तव को टिकट दी है। भाजपा का दावा है कि यहां पर वह भारी पड़ने वाली है।
रायपुर-वर्ष 2013 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस 20 हजार 192मतों के अंतर पर थी। लोकसभा चुनाव में यहां से भाजपा के वरिष्ठ सांसद रमेश बैस 1लाख 71 हजार 646 मतों के अंतर से जीते। इस अंतर को हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस नहीं पाट पाई है। रायपुर विधानसभा चुनाव में कांग्रेस 1 लाख 6हजार954 वोटों के अंतर से आगे रही है। पर भाजपा ने इस बार रमेश की टिकट काटकर यहां से सुनील सोनी को खड़ा किया है। कांग्रेस ने भी टिकट परिवर्तन करते हुए यहां से अपने महापौर प्रमोद दुबे को टिकट दी है।
राजनांदगांव- यहां से इस बार भाजपा के संतोष पांडे और कांग्रेस के भोलाराम साहू के बीच टक्कर है। पिछले लोकसभा चुनाव में रमन सिंह के पुत्र अभिषेक सिंह2 लाख 35 हजार 911 मतों से जीते थे। वर्ष 2013 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस 13 हजार 538 मतों के अंतर पर थी। पर इस बार के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस रिकॉर्ड 1लाख98 हजार816 मतों से जीती है।
महासमुंद-यहां से इस बार भाजपा के चुन्नीलाल साहू और कांग्रेस के विधायक धनेंद्र साहू के बीच कड़ी टक्कर है। 2013 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस 10500 वोटों के मार्जिन पर थी।लोकसभा चुनाव में भाजपा के चंदूलाल साहू ने मात्र1217 वोट से कांग्रेस को हराया था।इस बार कांग्रेस ने यहां के विधानसभा सीटों से विधानसभा चुनाव में कुल 2 लाख 7 हजार9 सौ72 मतों की लीड ली है।
बस्तर- यहां इस बार एक विधानसभा सीट को छोड़ कर सभी सीटों पर भाजपा बुरी तरह से पराजित रही है।इस बार के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने1 लाख 11 हजार 417 मतों से लीड ली है।जबकि वर्ष 2013 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस 48 हजार405 मतों के मार्जिन पर थी । पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा के दिनेश कश्यप 1लाख24 हजार 359 मतों से विजयी हुए थे। इस बार यहां भाजपा के बैदु राम और कांग्रेस के दीपक बैज के बीच मुकाबला है।
जांजगीर-चांपा -यहां इस बार भाजपा के गुहा राम अजगले और कांग्रेस के रवि भारद्वाज के बीच मुकाबला है।यह सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। वर्ष 2013 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का मार्जिन अंतर31 हजार904 मतों का था।लोकसभा चुनाव में भाजपा की कमला पाटले मोदी लहर में रिकॉर्ड एक लॉख14 हजार 961 वोटों से जीती थी। इस बार कांग्रेस हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में यहां से 92 हजार 729 मतों से आगे रही है।
कांकेर- यहाँँ भाजपा के मोहन मंडावी और कांग्रेस के वीरेश ठाकुर के बीच लोकसभा चुनाव में टक्कर होना है। भाजपा इस सीट पर अपने आप को मजबूत मान कर चल रही है।वर्ष 2013 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस 99 हजार 658 मतों की मार्जिन पर थी। पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा के विक्रम उसेंडी ने1लाख 24 हजार 359 मतों से कांग्रेस को हराया था। इस बार विधानसभा चुनाव में यहां से कांग्रेस 2 लाख 38हजार304 मतों से जीती है।
दुर्ग-यह लोकसभा मुख्यमंत्री का क्षेत्र है।यहां से इस बार भाजपा ने विजय बघेल को तो कांग्रेस ने प्रतिमा चंद्राकर को टिकट दी है। दोनों ही दमदार उम्मीदवार है तथा कुर्मी समाज से आते हैं। पिछले लोकसभा चुनाव में यह एक मात्र सीट थी, जहां से कांग्रेस के ताम्रध्वज साहू ने भाजपा प्रत्याशी को16 हजार 848 मतों से हराया।वर्ष 2013 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस 14 हजार964 मतों के मार्जिन पर थी। जबकि इस बार के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस 2 लाख से अधिक मतों से भाजपा से आगे है।
कोरबा-यहां प्रतिष्ठा की लड़ाई है। कोरबा लोकसभा सीट से विधानसभा अध्यक्ष चरणदास महंत की पत्नी ज्योत्सना महंतऔर भाजपा के ज्योति नंद दुबे से मुकाबला होना है।भाजपा उम्मीदवार अपेक्षाकृत कमजोर समझे जा रहे हैं।यह चरण दास महंत की सीट रही है।पिछले लोकसभा चुनाव में उन्हें भाजपा के बंशीलाल महतो ने 4265 मतों से हराया था।वर्ष 2013 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस यहाँ से 99 हजार 417 मतों के मार्जिन पर थी। इस बार के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस 58हजार213 मतों से विजयी रही है।
छत्तीसगढ़ राज्य बनने के बाद यह पहला मौका है,जब भाजपा बेहद कमजोर स्थिति में है। कांकेर और महासमुंद में तो भाजपा से कांग्रेस दो लाख मतों से आगे है।इस बार भाजपा आलाकमान ने सभी सीटों पर नए चेहरे उतारे हैं।कार्यकर्ताओं की भारी नाराजगी और सत्ता विरोधी लहर को देखते हुए ऐसा कदम उठाया गया है।भाजपा ने अपने प्रदेश अध्यक्ष का भी चेहरा बदला है और एक आदिवासी चेहरे विक्रम उसेंडी को अध्यक्ष बनाया है। भाजपा पिछली बार भी लोकसभा चुनाव में मोदी लहर पर सवार होकर छत्तीसगढ़ से रिकॉर्ड 10 सीटें हासिल की थी।इस बार भी राष्ट्रीय मुद्दों और मोदी के नाम का ही सहारा है।