Fri. May 17th, 2024

सबका साथ-सबका विकास के साथ प्रखर राष्ट्रवाद का कीर्तिमान रच रही है सरकार: गिरिराज

Share this News

बेगूसराय,01अप्रैल(हि.स.)। चुनावी समर में एनडीए की बैठकों और जनसम्पर्क का दौर तेज हो गया है। मटिहानी तथा बेगूसराय विधानसभा क्षेत्र की बैठक के बाद सोमवार की सुबह गिरिराज सिंह टीम के साथ बेगूसराय कोर्ट पहुंचे जहां कि अधिवक्ताओं ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। अधिवक्ताओं से मिलकर उन्होंने सशक्त भारत का सशक्त प्रधानमंत्री बनाने के लिए संवाद किया। उन्होंने मजबूत बनाम मजबूर प्रधानमंत्री की लड़ाई में सहयोग देने की अपील की जिसका अधिवक्ताओं ने पुरजोर समर्थन किया। इस मौके पर अधिवक्ताओं ने कहा कि हम सब एनडीए प्रत्याशी गिरिराज सिंह को अपार बहुमत से विजयी बनाकर संपूर्ण राष्ट्र के एकल संकल्प में अपना योगदान देने को तैयार हैं। सबका साथ-सबका विकास के साथ-साथ प्रखर राष्ट्रवाद की भावनाओं को लिए जो सरकार पिछले पांच वर्षों में अनेकानेक कीर्तिमान रचने में सफल रही है, एक बार पुनः उसी मजबूत सरकार का चयन कर देश की जनता अमन, चैन एवं विकास की गति को बनाए रखना चाहती है।
गिरिराज सिंह ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय फलक पर भारत की धमक और चमक दोनों अपने आप में अभूतपूर्व है तो उसका श्रेय परिश्रम की पराकाष्ठा करने वाले हमारे प्रधान सेवक मोदी को नहीं, बल्कि इस देश की जनता को जाता है। जिन्होंने नरेंद्र मोदी में अपना विश्वास जताया है। आतंकवाद और भ्रष्टाचार की लड़ाई में देश की जनता एक बार फिर मोदी के साथ विकास की बात करने को तैयार है जिसकी बौखलाहट विपक्ष में स्पष्ट रूप से देखने को मिल सकती है। भाजपा जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि बेगूसराय श्री बाबू के कालखण्ड से ही राष्ट्रीय स्तर पर अपनी एक अलग पहचान रखता है। उस पहचान को पुनः राष्ट्रीय फलक पर जागृत करने में वर्तमान सरकार ने पूरी ताकत लगा दी है। विभिन्न प्रकार की परियोजनाओं का पिछले पांच वर्षों में बेगूसराय में धरातल पर क्रियान्वयन होना, बेगूसराय का एक बार फिर से औद्योगिक राजधानी बनने की दिशा में एक कदम है। उपेक्षा का दंश झेलने वाला हमारा शहर आज स्वच्छता, बिजली, शिक्षा, शौचालय एवं सड़क समेत अन्य आधारभूत व्यवस्थाओं से लबरेज होकर तरक्की के नए आयाम गढ़ रहा है। बेगूसराय की जनता केंद्र सरकार द्वारा विकास का यह अद्भुत तथा अकल्पनीय साथ पाकर एक बार फिर गिरिराज सिंह को अपार बहुमत से जिताने का मन बना चुकी है। इस मौके पर पूर्व विधायक सुरेन्द्र मेहता, अमरेन्द्र कुमार अमर, प्रो संजय गौतम एवं रमण कुमार आदि उपस्थित थे।