रातों रात आई बाढ़ के कारण नाव से विदा किए गए दूल्हा-दुल्हन

Share this News

संवादाता आनंद वर्मा की रिपोर्ट

तरैया(सारण) : गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर से तरैया और पानापुर प्रखंड के निचले इलाकों में रातों रात एकाएक बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया। गुरुवार की संध्या सगुनी के एक व्यक्ति के बेटी की शादी के रश्म के बाद शुक्रवार को नाव से दूल्हा-दुल्हन को विदा करना पड़ा। तरैया सीमावर्ती क्षेत्र सगुनी-रामपुररुद्र के रहने वाले दिलीप सहनी की पुत्री शिला कुमारी की शादी गुरुवार को थी। शादी के लिए लोग गाड़ियों पर बैठकर बरात आये। दूल्हा की सजी गाड़ी भी आई जिसपर दूल्हा सवार होकर ससुराल पहुंचा। लड़की पक्ष वाले बरातियों का खूब आव भगत व स्वागत किये। रात में खाना खाने के बाद कुछ बराती गाड़ी से वापस चले गए और कुछ रुक गए। दूल्हा शादी के लिए दरवाजे पर आया। शादी की रश्म शुरू हुई। लेकिन इसी बीच गंडक के बढ़ते जलस्तर से एकाएक उक्त गांव में बाढ़ का पानी घुस गया और वहां बाढ़ जैसे हालात हो गए। जिससे दूल्हा-दुल्हन संग कुछ बराती भी बाढ़ के पानी में घिरकर फंस गए। अब परिस्थिति ऐसी बनी की सुबह में नाव पर बैठा कर दूल्हा-दुल्हन एवं बरातियों को विदा किया गया। बरात मसरख थाना क्षेत्र के चैनपुर चरिहार से तरैया-पानापुर सीमावर्ती क्षेत्र सगुनी-रामपुररुद्र- में आई थी। इस दौरान फिलहाल उस गांव में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं ।