Sat. May 18th, 2024

गजनी में तालिबान लड़ाकों पर अमेरिकी विमानों ने गोले बरसाए, कई मारे गए

Share this News

लॉस एंजेल्स, 11अगस्त (हि.स.) । अमेरिकी सेना के लड़ाकू विमान, हेलिकॉप्टर और ड्रोन ने शुक्रवार को काबुल के दक्षिण पूर्व स्थित गजनी में तालिबानी लड़ाकों पर इतने गोले बरसाए कि सांझ ढलने से पूर्व अफ़ग़ान सेना और पुलिसकर्मियों का गजनी पर फिर से क़ब्ज़ा हो गया है। अमेरिका के सभी बड़े अख़बारों और मीडिया में सुर्खियों में प्रकाशित-प्रसारित इस ख़बर में घटना में मरने व घायल होने वालों का ब्योरा नहीं दिया गया है। तालिबान के अनेक लड़ाकों ने गुरुवार देर रात और शुक्रवार की सुबह तक पुलिस मुख्यालय सहित अनेक सरकारी इमारतों पर क़ब्ज़ा कर लिया था। इस घटना के समय तालिबान ने बिजली और टेलीफ़ोन की लाइनें काट दी थीं। गजनी में चार घंटों तक चली घमासान गोलीबारी में 60 सदस्यीय अफ़ग़ान कमांडो का दस्ता देरी से पहुंचा।
‘अल जज़ीरा’ के हवाले से कहा जा रहा है कि अमेरिका सेना ने जवाबी हमले में तालिबान के 39 लड़ाकों को मार गिराया और जबकि गोलीबारी अनेक लड़ाकों सहित कुछेक नागरिकों व पुलिसकर्मियों के मरने की जानकारी है। यह घटना इतनी ताबड़तोड़ हुई कि तालिबान लड़ाकों ने गजनी पर नियंत्रण करने के इरादे से शहर में गुरुवार देर रात अन्धेरे में काम को अंजाम दिया। इस सिलसिले में सरकारी भवनों पर तैनात पुलिस कर्मियों और तालिबान लड़ाकों में हुई गोलीबारी में 14 लोगों की जानें जाने का अंदेशा है, जबकि अन्य बीस के घायल होने के समाचार मिल रहे हैं। सन् 2015 में कुंडूज पर क़ब्ज़ा ज़माने के बाद तालिबान की ओर से गजनी पर नियंत्रण करने का यह पहला मौक़ा था। इसे सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण समझा जा रहा था। इस घटना के बाद अमेरिका और नाटो देशों के सैन्य बलों के घर वापसी पर प्रश्न चिन्ह लग गया है। अभी पिछले ही महीने अमेरिका के विदेश विभाग में सहायक सचिव एलिस वेल्स ने तालिबानी नेताओं से दोहा में शांति वार्ता की थी।

यहां चुनौती सिर्फ़ तालिबान से ही नहीं है, सीरिया और इराक़ से हताश-निराश हो कर लौटे इस्लामिक स्टेट के उन तीन हज़ार लड़ाकों से भी है, जो अफ़ग़ानिस्तान व पाकिस्तान के सीमावर्ती क्षेत्रों, खैबर पख्तुनवा और बलूचिस्तान में शिया बहुल समुदाय को मौत के घाट उतारने के लिए घात लगाए बैठे हैं। फिर ये गुट परस्पर भी भिड़ रहे हैं। अफ़ग़ानिस्तान और बलूचिस्तान सहित छह स्थानों पर वारदातें हुई हैं, इनकी ज़िम्मेदारी इस्लामिक स्टेट ने ली है। इसमें बलूचिस्तान में पिछले महीने एक आत्मघाती दस्ते ने विस्फोट कर 151 लोगों की जाने लेने की ज़िम्मेदारी भी इस्लामिक स्टेट ने ली थी। इस घटना पर पाकिस्तानी सेना और ख़ुफ़िया एजेंसी हतप्रभ रह गई थी।