Fri. May 17th, 2024

भारत आएंगे संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो ग्युटेरेस

Share this News

नई दिल्ली, 21 सितम्बर (हि.स.)। संयुक्त राष्ट्र (यूएन) के महासचिव एंटोनियो ग्युटेरेस भारत आ रहे हैं। संयुक्त राष्ट्र के महासचिव की ये यात्रा 02 अक्टूबर यानि गांधी जयंती के मौके पर होगी। गुटेरस भारत की विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के निमंत्रण पर पर भारत आ रहे हैं। यह संयुक्त राष्ट्र के महासचिव के रूप में गुटेरस की भारत की पहली आधिकारिक यात्रा होगी।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो ग्युटेरेस, 6 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के निमंत्रण पर 01-04 अक्टूबर को भारत यात्रा पर रहेंगे। महासचिव ग्युटेरस 02 अक्टूबर यानि गांधी जयंती के मौके पर राष्ट्रपति भवन सांस्कृतिक केंद्र, नई दिल्ली में होने वाले महात्मा गांधी अंतर्राष्ट्रीय स्वच्छता सम्मेलन में भाग लेंगे। यह कार्यक्रम महात्मा गांधी की 150 वीं जयंती समारोह के साथ-साथ ‘स्वच्छ भारत मिशन’ की चौथी सालगिरह के शुभारंभ को चिह्नित करेगा। यूएन महासचिव नई दिल्ली में उसी दिन भारतीय महासागर रिम एसोसिएशन ऑफ स्टेट्स (आईओआरए) के सदस्य देशों की दूसरी आरई-निवेश सम्मेलन और ऊर्जा मंत्रियों की बैठक एवं अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन (आईएसए) के पहली आमसभा के संयुक्त उद्घाटन समारोह में भी भाग लेंगे।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव अपनी भारत की आधिकारिक यात्रा के दौरान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से भी मिलेंगे। वे भारतीय संसद में लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन से भी मुलाकात करेंगे। इसके अलावा विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तरीय वार्ता करेंगे। दोनों पक्षों को बहुपक्षीय और क्षेत्रीय मुद्दों की एक श्रृंखला पर ध्यान केंद्रित करने की उम्मीद है और संयुक्त राष्ट्र के साथ भारत की बढ़ती भागीदारी को मजबूत करने के तरीकों का पता लगाने की उम्मीद है।