विजय यात्रा में परिणीत होगी गौरव यात्रा: अमित शाह

Share this News

उदयपुर, 04 अगस्त (हि.स.)। राजस्थान में भाजपा का चुनावी अभियान राजस्थान गौरव यात्रा के रूप में शनिवार को शुरू हो गया। राजसमंद जिले के तीर्थ स्थल चारभुजा गढ़बोर में भगवान चारभुजानाथ की पूजा-अर्चना के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने भाजपा का झंडा फहराकर रथ को रवाना किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने विजय रथ की पूजा भी की। गौरव यात्रा के आगाज के बाद कांकरोली के जेके स्टेडियम में जनसभा हुई जहां शाह ने राजस्थान और केन्द्र की योजनाओं से आमजन को हुए फायदों को गिनाते हुए केन्द्र में मोदी और राजस्थान में वसुंधरा की जोड़ी को फिर से स्थापित करने का आह्वान किया।
शाह ने कहा कि सत्ता के पांच साल के लेखे-जोखे का जवाब देने का साहस भाजपा और उसके मुख्यमंत्रियों में ही है जो यात्रा निकाल कर जनता को जवाब देने के लिए निकलते हैं। राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भी इसी साहस के साथ पांच साल के अपने कार्यकाल का हिसाब-किताब देने जनता के बीच आई हैं। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वे कहते हैं कि 40 दिन की इस गौरव यात्रा में वे 40 सवाल पूछेंगे, राहुल बाबा को यह पता नहीं कि जनता उनसे चार पीढ़ियों का हिसाब चाहती है जिनके रहते गांव और गरीब तक बुनियादी सुविधाएं नहीं पहुंच पाई जिन्हें मोदी सरकार ने पहुंचाया।
शाह ने एनआरसी के मुद्दे पर कांग्रेस से सवाल पूछा कि कांग्रेस बांग्लादेशी घुसपैठियों पर अपना स्टैंड तय करे। शाह ने जनता से पूछा कि क्या देश में बांग्लादेशी घुसपैठियों को रहने देना चाहिए, तब जनता ने एक साथ एक सुर में ना में जवाब दिया। शाह ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुरूप ही भाजपा ने देशहित का यह कार्य करने का साहस दिखाया है।
शाह ने एससीएसटी एक्ट के मुद्दे पर भी कहा कि कांग्रेस इस मामले में भ्रमित करते हुए आरोप भाजपा पर मढ़ रही है। सुप्रीम कोर्ट ने एक आदेश देकर इस एक्ट में बदलाव किया था लेकिन अब मोदी सरकार ने ही इस एक्ट को फिर से मजबूत करने का काम किया है।
शाह ने एमएसपी बढ़ोतरी को किसानों के हित में किया गया ऐतिहासिक कार्य बताया और संसद में मोदी सरकार द्वारा लाए गए ओबीसी बिल का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार देश के ओबीसी वर्ग को भी सम्मानपूर्वक जीने का हक देना चाहती है, अब यदि कांग्रेस राज्यसभा में इसे नहीं अटकाती है तो लम्बे समय से अटकी ओबीसी वर्ग की मांग पूरी हो जाएगी।
शाह ने सभा में मौजूद जनमैदिनी को देखकर कहा कि गौरव यात्रा आज ही विजय यात्रा में परिणीत हो गई है। उन्होंने कहा कि राजस्थान के भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन सैनी ने गौरव यात्रा के रथ को विजय रथ का नाम दिया था और यह रथ भाजपा को विजय दिलाएगा। इससे पहले, सभा को संबोधित करते हुए सीएम वसुंधरा राजे ने जनता से आह्वान किया कि राज्य में विकास की गंगा बहानी है तो पांच साल में सरकार बदलने की परम्परा को तोड़ना होगा। राजे ने गुजरात, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ का उदाहरण भी दिया। राजे ने कहा कि कम से कम ऐसा तो नहीं होगा कि कोई सरकार काम शुरू करेगी तो दूसरी सरकार उसे बंद नहीं करेगी। भाजपा राज्य में विकास की आंधी लाना चाहती है लेकिन इतिहास रचने के लिए वक्त भी चाहिए। राजे ने महाराणा प्रताप, कुंभा, पन्नाधाय, भामाशाह, पूंजा भील आदि महापुरुषों को याद करते हुए चारभुजानाथ, श्रीनाथजी, द्वारिकाधीश को नमन भी किया। राजे ने कहा कि भाजपा की सरकार में हर पंचायत में काम हुआ, कोई पंचायत नहीं छूटी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासन में भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिला। राजे ने हाल ही में हो रही भर्तियों को भी गिनाया और मुख्य रूप से भामाशाह योजना के फायदे गिनाए।
सभा को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी ने ‘तेरा वैभव अमर रहे मां, हम दिन चार रहें न रहें’ पंक्तियों को दोहराते हुए कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे समर्पित भाव से जुट जाएं और प्रदेश में फिर से भाजपा को पिछली बार से ज्यादा सीटों के साथ विजयी बनाकर स्थापित करें।
गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश का मान पूरे विश्व में बढ़ाया है। कांग्रेस देश को रसातल में ले गई जिसे फिर से मोदी ने मजबूत किया है। उच्च शिक्षा मंत्री व राजसमंद की विधायक किरण माहेश्वरी ने राजसमंद जिले में राज्य सरकार द्वारा कराए गए कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि चप्पे-चप्पे पर भाजपा है और चप्पे-चप्पे पर विकास कार्य हुए हैं। राजसमंद में पालिका, परिषद, पंचायतों तक सभी में भाजपा का प्रतिनिधित्व है। उन्होंने सभा में उपस्थित विशाल जनसमूह को साक्षी मानते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह का अजय राजस्थान, अजय भाजपा का सपना साकार होगा।
जनसभा के दौरान 100 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का डिजिटल उद्घाटन और शिलान्यास किया गया। सभा में राजस्थान प्रभारी अविनाश राय खन्ना, भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारी वी. सतीश, भूपेन्द्र यादव, प्रदेश के पूर्व अध्यक्ष अशोक परनामी, संगठन महामंत्री चंद्रशेखर, राजसमंद अध्यक्ष भंवरलाल शर्मा, सांसद हरिओम सिंह व जिले के सभी विधायक मौजूद थे। स्थानीय पदाधिकारियों ने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष शाह को प्रभु श्रीनाथजी की तस्वीर, प्रसाद, हल भेंट किए और मेवाड़ी पगड़ी पहनाई। सभा के बाद सीएम राजे, किरण माहेश्वरी, दुष्यंत सिंह व अन्य जनप्रतिनिधि द्वारिकाधीश मंदिर पहुंचे जहां उनका पारम्परिक तरीके से स्वागत किया गया।
छह हजार किलोमीटर से लम्बी होगी यात्रा: उल्लेखनीय है कि इस यात्रा के तहत सीएम राजे छह हजार किलोमीटर से ज्यादा का रास्ता तय करेंगी। इस दौरान वह 135 जनसभाओं को संबोधित करेंगी। यह यात्रा 200 में से 165 विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। यात्रा चालीस दिन की होगी और 18 दिन का विश्राम रहेगा। यात्रा का समापन 30 सितंबर को अजमेर की पुष्कर में होगा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद रहेंगे।
मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे इससे पहले दो बार ऐसी यात्राएं कर चुकी हैं। इससे पहले उन्होंने परिवर्तन यात्रा और सुराज संकल्प यात्रा निकाली थी। ये दोनों यात्राएं भी राजे ने चारभुजाजी के दर्शन के साथ ही शुरू की थी। यात्रा उदयपुर संभाग में राजे सात दिन, भरतपुर में चार दिन, जोधपुर में सात दिन, बीकानेर में छह दिन, कोटा में चार दिन, जयपुर में पांच दिन और अजमेर में सात दिन गुजारेंगी। इस दौरान प्रदेश भर में सीएम 135 आम सभाएं करेंगी। 371 जगह यात्रा के स्वागत कार्यक्रम होंगे।
राजे जयपुर संभाग के 50 विधानसभा क्षेत्र में से केवल 27 विधानसभा क्षेत्र कवर करेगी। यात्रा के बाद बची हुए 35 विधानसभा क्षेत्रों में चुनावों से पहले अन्य कार्यक्रम किए जाएंगे। जयपुर संभाग के 23 और अन्य छह संभाग के 12 विधानसभा क्षेत्रों में मुख्यमंत्री की यात्रा नहीं जाएगी। सीएम की यात्रा के बाद शेष 35 विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी की ओर से बडे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विधानसभा चुनाव से पहले सीएम बचे हुए 35 विधानसभा क्षेत्रों में जाएंगी।