Mon. Apr 29th, 2024

सांसद आरके सिन्हा ने जैविक खेती और रसायन रहित खाद्य सामग्री के उत्पादन पर दिया जोर

Share this News

आरा,19 जनवरी (हि.स.)(अपडेट)। भोजपुर जिले के कोइलवर प्रखण्ड स्थित बहियारा गांव में सोन नद के रमणीक तट पर आद्या मिल्क एन्ड ऑर्गेनिक प्रोडक्ट प्राइवेट लिमिटेड के सौजन्य से शनिवार को जैविक किसान पंचायत का आयोजन किया गया। मौके पर राज्यसभा सांसद आर.के. सिन्हा ने जिले के किसानों से जैविक खेती की शुरुआत करने और जैविक खेती को आगे बढ़ाने की अपील की | साथ ही आने वाली पीढ़ी के लिए रसायन मुक्त खाद्य सामग्री के उत्पादन की व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी अपील की और कहा कि जैविक खेती की बदौलत स्वस्थ पीढ़ी तैयार करना हम सभी की जिम्मेवारी और जवाबदेही होनी चाहिए।
आद्या मिल्क एन्ड ऑर्गेनिक प्रोडक्ट प्राइवेट लिमिटेड के सौजन्य से शनिवार को जैविक किसान पंचायत का आयोजन भाजपा के राज्यसभा सांसद आर के सिन्हा ने कराया । इस जैविक किसान चौपाल में राज्यसभा सांसद सिन्हा की पत्नी श्रीमती रीता किशोर सिन्हा भी मौजूद थीं। सूर्य प्रसाद बाग, बहियारा के विशाल प्रांगण में हुई इस किसान पंचायत में बहियारा और आसपास के गांवों के सैकड़ों किसानों ने भाग लिया।
सांसद आर के सिन्हा की पहल पर महाराष्ट्र से आये जैविक कृषि वैज्ञानिक दीपक बालू नारवड़े ने किसानों को रासायनिक खाद और कीटनाशक का उपयोग कर खेतों में उपजायी जा रही फसलों के उपयोग से आम आदमी को होने वाली गंभीर बीमारियों से अवगत कराया और कहा कि खेतों में रासायनिक खाद यूरिया,फास्फोरस,अमोनिया,नाइट्रेट जैसे जहरीले रसायन और कीटनाशक के प्रयोग से मिट्टी की उर्वरा शक्ति क्षीण हो रही है और मिट्टी में मौजूद जीवाणु समाप्त होते जा रहे हैं।
उन्होंने किसानों को मिट्टी के अंदर मौजूद जीवाणुओं के बारे में बताया और कहा कि उन्हीं जीवाणुओं की वजह से बीज और पौधे अंकुरित होते हैं और उन्हें बढ़ने का अवसर मिलता है।
जैविक कृषि वैज्ञानिक नरवड़े ने किसानों से जैविक खाद पर आधारित खेती करने का मूलमंत्र बताया और देशी गायों के गोबर और गौमूत्र से तैयार खाद और कीटनाशक तैयार कर उसपर आधारित खेती कर स्वस्थ समाज की स्थापना करने का किसानों से लक्ष्य निर्धारित करने का आह्वान किया। उन्होंने किसान चौपाल में आये किसानों से खेत की मिट्टी को जीवाणुयुक्त बनाने की विधि भी बताई। कृषि वैज्ञानिक नरवड़े ने जैविक खेती के लिए जीवामृत बनाने और जीवामृत के माध्यम से मिट्टी की उर्वरा शक्ति वापस लाने का मंत्र भी दिया। साथ ही पौधों की वृद्धि और खेती की उर्वरा शक्ति बढ़ाने के लिए पौधे के सहजीवन के बारे में भी बताया। उन्होंने किसानों से जैविक खेती के फायदे बताते हुए कहा कि जैविक खेती से उत्पादित फसलों के सेवन से आम आदमी को ब्लड प्रेशर, शुगर, कैंसर, हार्ट से जुड़ी हुई बीमारी, बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में बाधा जैसी कई बीमारियां नजदीक तक नहीं पहुंच सकतीं।
उन्होंने किसानों को जैविक खाद और जैविक कीट नाशक बनाने की विधि बताई और भोजपुर के किसानों से जैविक खेती की शुरुआत कर स्वस्थ भारत के निर्माण की बुनियाद रखने की अपील की।
कृषि वैज्ञानिक नरवड़े ने देशी गायों के बारे में बताया और गिर, साहीवाल, सिंधी, हारपार्कर, ब्राम्हण जैसी देशी गायों के गौ मूत्र और गोबर के फायदे बताए। देशी गायों के गोबर और गौ मूत्र को जैविक खेती की संजीवनी बताई और किसानों से अपने खेतों में इसका उपयोग कर जैविक खेती की शुरुआत पर बल दिया। जैविक किसान पंचायत को बिहार सरकार के पूर्व मंत्री राघवेन्द्र प्रताप सिंह, कृषि वैज्ञानिक पी के द्विवेदी ने भी संबोधित किया। किसान पंचायत में आए हुए किसानों का स्वागत भाजपा के राज्यसभा सांसद आरके सिन्हा के सांसद प्रतिनिधि व भाजयुमो के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. सुरेन्द्र सागर ने किया। जैविक किसान पंचायत में भाजपा के जिलाध्यक्ष मिथिलेश कुशवाहा, पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश सिंह आदि भी शामिल थे।