Thu. May 16th, 2024

वैराग्य, कर्म और सत्य की क्रांति का पर्व है – मकर संक्रांति

Share this News

मकर संक्रांति से सूर्य की किरणें उत्तरी गोलार्ध में प्रखर होने लगती हैं। सूर्य देव की गति तेज हो जाती है। मनुष्यों में भी नई ऊष्मा, नई ऊर्जा का प्रवाह होता है। मकर संक्रांति का पर्व त्याग और तप का भी संदेश देता है। यह क्रांति यानी परिवर्तन का संदेश देता है

जब सूर्य मकर राशि में प्रवेश करते हैं, तब मकर संक्रांति होती है। इस दिन से अगले छह महीने के लिए उत्तरायण पक्ष शुरू हो जाता है। इसको देवताओं का काल भी कहते हैं। इससे पहले के छह महीने, जिसे हम दक्षिणायण पक्ष कहते हैं, उसमें देवता सोए हुए होते हैं। इसलिए राक्षसों की तमोगुणी वृत्तियों का वर्चस्व होता है।

मकर संक्रांति को पंजाबी में संक्रांत बोलते हैं और हिंदी में संक्रांति बोलते हैं। सूर्य मकर राशि में प्रवेश करते हैं और मकर राशि, शनि की राशि मानी जाती है। आमतौर पर लोग बोलते हैं कि शनि बुरा होता है, पर सच यह है शनि तप देते हैं। कोई भी तपस्वी हो, महात्मा हो, उसके ग्रह-नक्षत्रों की सूची में शनि की स्थिति बहुत अच्छी होती है।

शनि के प्रभाव से वह व्यक्ति बहुत कठोर तप कर सकता है। शनि वैराग्य का चिह्न हैं, इन्हें शिव जी का अंश भी बोलते हैं। शनि सूर्य-पुत्र भी हैं, शिवांश भी हैं, तो इसका अर्थ यह हुआ कि सूर्य जैसा तेज, तप और उज्ज्वलता जीवन में आ सकती है, शिव जी जैसा तप, वैराग्य, योग जीवन में आ सकता है।

जो चीज संसार के लिए बुरी है, वह अध्यात्म के लिए बहुत अच्छी होती है। वैराग्य आना तो अच्छी बात है। जीवन में तप आए, तो इससे बढि़या और क्या हो सकता है! अभी आपका सबसे बड़ा शत्रु आपका आलस्य है। आलस्य होता है, तभी पौष महीने की सर्दी में सुबह उठना मुश्किल लगता है।

ऐसा व्यक्ति तप कैसे करेगा? तप करने के लिए तो मोटे कपड़ों की परत से बाहर आना पड़ेगा। जो लोग ज्योतिष नहीं समझते हैं, वे अजीब-अजीब धारणाएं बना लेते है। लेकिन सच यह है कि शनि तप देते हैं, शनि वैराग्य देते हैं। शनि ज्ञान के देवता हैं। शनि मतलब कि आपके मन में त्याग के, वैराग्य के, ज्ञान के, सेवा के विचार उठने लग जाते हैं।

ऐसे तो संक्रांति हर महीने आती है, पर सूर्य का मकर राशि में आना, यह मकर संक्रांति है। यह विशेष हो जाती है। इस दिन लोग दान करते हैं- तिल का दान, गुड़ का दान, गाय को चारा देना वगैरह। पवित्र नदियों में स्नान करते हैं- गंगा-स्नान, त्रिवेणी स्नान।