उप्र में मार्च तक दो लाख करोड़ का हो जायेगा निवेश-योगी आदित्यनाथ

Share this News
वाराणसी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रवासी भारतीयों से पूंजी निवेश का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि भारत में उत्तर प्रदेश पूंजी निवेश की दृष्टि से सुरक्षित गंतव्य है। यहां पूरी स्वतंत्रता के साथ निवेश और सुरक्षा का माहौल है।
मुख्यमंत्री सोमवार को 15वें युवा प्रवासी भारतीय ​सम्मेलन में विश्व भर के सफल युवा भारतवंशियों के साथ संवाद कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने प्रवासियों को बताया कि मार्च 2019 में जब उनके कार्यकाल का दो वर्ष पूरा हो जायेगा। तब तक प्रदेश में दो लाख करोड़ का पूंजी निवेश हो जायेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी में निवेश की अपार सम्भावनाएं हैं। प्रदेश एक नई दिशा में आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने दो साल पूर्व की प्रदेश की स्थिति से भी युवा प्रवासियों को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि तब प्रदेश में अराजकता और भय का माहौल था। प्रदेश की बदतर कानून व्यवस्था देख निवेशक यहां आने से डरने लगे थे। लेकिन अब तस्वीर बदल गई है। मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश के महत्व को भी प्रवासियों को बताया। उन्होंने कहा कि यूपी में भगवान राम, भगवान कृष्ण की जन्मस्थली है। बाबा विश्वनाथ और मां गंगा की नगरी काशी है। देश के चार प्रमुख कुम्भ स्थानों में एक प्रयागराज भी यहीं है। कई शक्ति पीठों के साथ हेरिटेज ईको टूरिज्म के क्षेत्र हैं।
उन्होंने कहा कि पूंजी निवेश के नजरिये से देखे तो कनेक्टिविटी का भी कोई तोड़ नहीं है। आज प्रदेश में नौ एयरपोर्ट हैं और दो नये एयरपोर्ट निर्माणाधीन हैं। सड़क और फ्लाईओवर से प्रदेश का बड़ा हिस्सा जुड़ गया है। जल परिवहन के नजरिये से भी काशी में मल्टी मॉडल टर्मिनल और वाराणसी से हल्दिया तक अंतर्देशीय जलमार्ग हैं। उन्होंने युवा प्रवासियों को बताया कि वाराणसी से प्रयागराज तक शीघ्र ही गंगा में लग्जरी क्रूज भी चलेंगे।
सम्मेलन में उद्घाटन सत्र के बाद संवाद में नार्वे के तीस वर्षीय युवा सांसद हिमांशु गुलाटी ने अपने देश की खुशहाली की उच्च रैंकिंग का राज साझा किया तो पूंजी निवेश के रास्ते भी बताया। न्यूजीलैंड के सांसद कंवलजीत सिंह बक्शी ने देश की आर्थिक दशा को सुधारने के लिए सुझाव दिया। कार्यक्रम में कई देशों के युवा उद्यमियों ने भी प्रदेश में निवेश की ललक दिखाई और पूजी सुरक्षा तथा औद्योगिक वातावरण के लिए विचार रखा।
वहीं सम्मेलन में भाग लेने के पहले मुख्यमंत्री ने मीडिया से बाचीत में कहा कि प्रदेश सरकार शीघ्र ही निराश्रित महिलाओं,पुरुषों और दिव्यांगजनों को पेंशन देगी। इसके लिए सरकार ने पहल कर दी है। उन्होंने बताया कि इसके लिए 30 जनवरी तक विशेष शिविर लगाया जाएगा। ताकि कोई पात्र छूटने न पाए।